Waseela Ke Naam Par Shirk – Tauheed Par Khatra

"अगर फ़ौत शुदाह से वसीला लेना जायज़ होता तो ये बताएं कि इस दुनिया में नबी ﷺ से बढ़ कर कौनसी ज़ात फ़ज़ीलत वाली है  जिसका फौत होने के बाद दुआ में वसीला अख़्तियार किया जाए। ,


आज के दौर में मुसलमानों के बीच एक बड़ी गुमराही यानी  Waseela ke Naam Par Shirk फैल चुकी है –  कुछ गुमराह लोग, जैसे कब्रों, पीरों और बुजुर्गों को मानने वाले, क़ुरआन में सूरह माएदा आयत 35 और अज़ान के बाद पढ़ी जाने वाली दुआ में आए शब्द "वसीला "का गलत मतलब निकालते हैं। वे इसके सही अर्थ और महत्व से भटका कर लोगों को गुमराही और शिर्क की ओर ले जाते हैं। अल्लाह की मस्जिद और दर से दूर कर, पीर और मज़ारों , दरबारों पर लगा देते हैं।और वसीला के नाम पर शिर्क करते फिरते हैं।

पोस्ट थोड़ी लंबी है, अगर आपको गुमराही और शिर्क से बचना है, तो कृपया इसे पूरा पढ़ें।

✍️ लेखक: Mohib Tahiri | 🕋 islamic article|waseela aur shirk|दीन से दूरी का अंजाम 🕰 अपडेटेड:1 Nov 2025


Shirk ki Haqeeqat,ek shakhs ka Allah se dua karte huwe pic
Waseela ke Naam Par Shirk

📖 Table of Contents(👆Touch Here)

    इस आर्टिकल Waseela ke Naam Par Shirk में हम कुरआन, हदीस, सहाबा के अमल और अक़ीदा-ए-तौहीद की रोशनी में समझेंगे कि असल वसीला क्या है और उसका सही इस्तेमाल क्या है।
    is post ko Urdu me yahan padhen:Waseela Kya hai?


    कब्रों, दरगाहों और पीरों के पास जाकर दुआ माँगना, उनकी मिट्टी मलना, उनसे अपनी परेशानियाँ कहना, या उन्हें अल्लाह तक पहुँचाने का जरिया समझना — यह सब गुमराही और शिर्क है।

    कब्रों और पीरों का वसीला क्यूँ ?

    जब उनसे पूछा जाता है कि आप बुजुर्गों का वसीला क्यूँ लेते हैं? आप जिनको वली मानते हो, उनकी कब्रों के पास पहुंचकर इतने डरे और घबराए हुए क्यों हो जाते हो कि कभी झुककर, कभी हाथ लगाकर, और कभी उसकी मिट्टी अपने शरीर पर मलते हो? कभी मजार का चक्कर लगाते हो और कभी हाथ बांधकर अपनी परेशानियां बताते हो। कभी कब्र की तरफ पीठ नहीं करके चलते हो, और कभी नजदीक से गुजरते हुए सलाम करते हो। ये सब क्यों करते हो? क्या ये अल्लाह के सिवा किसी और की पूजा नहीं है? क्या किसी भी वली अल्लाह ने तुम्हें ऐसा करने को कहा है?
    तो जवाब मिलता है कि:

     "हम गुनहगार हैं,हम ख़ताकार हैं,हमारी अल्लाह तक पहुंच नहीं है। ये बुजुर्ग अल्लाह वाले हैं,ये हमारी बात या दुआ अल्लाह तक पहुंचा सकते हैं। हम इन्हें खुश करके अल्लाह तक अपनी बात पहुंचाते हैं।"इसी लिए इनका वसीला लेते हैं। 

    जबकि कुरआन सख़्ती से इसका खंडन करता है कि यह मुशरिकों का अक़ीदा है। 
    मुशरिकिन ए अरब का भी तो यही कहना था कि:

    "हम तो इनकी पूजा सिर्फ इसलिए करते हैं ताकि ये हमें अल्लाह तक पहुँचा दें।"
    📖 (सूरह अज़-ज़ुमर: 3)

    और यही अक़ीदा आजकल पीरों और मजारों पर जाने वालों में पाया जाता है, जबकि अल्लाह ने इसे मुशरिकों का अक़ीदा बताया है। अब जिस अमल या अकीदह को खुद अल्लाह मिश्रिकों वाला अकीदह बता रहा है वो भला दीन का हिस्सा कैसे हो सकता है?

    जब अल्लाह क़रीब है, तो किसी और वसीले की ज़रूरत ही नहीं।"नबियों ने हर मुश्किल में सिर्फ़ अल्लाह को पुकारा और इसी की दावत भी दी तो फिर आप क्यों कब्र वालों को पुकारते हो। 

    वसीला लेने वालों का ऐतराज़ 

    कुछ क़ब्र-परस्त कहते हैं कि “आप वसीले के मुंकर हैं, तो आप बिना वसीले के कैसे पैदा हुए?” ठीक है, आपकी बात मान ली की हम बग़ैर वसीले के पैदा नहीं हुए। लेकिन मेरा भी एक सवाल है कि क्या आपको अल्लाह की क़ुदरत पर शक है कि इंसान बिना वसीले के पैदा नहीं हो सकता?

    तो ये बताइए —
    आदम अ.स. कैसे पैदा हुए?
    माँ हव्वा अ.स. कैसे पैदा हुईं?
    ईसा अ.स. कैसे पैदा हुए?
    और सालेह अ.स. की ऊँटनी कैसे पैदा हुई?

    यहाँ तो किसी का वसीला नहीं था। मेरे रब ने अपनी क़ुदरत से बिना वसीले के भी इंसान और जानवर पैदा करके दिखा दिया।और आप जैसे गुमराही में पड़े लोग अल्लाह की क़ुदरत पर शक करते हैं।
    बड़े ही अ़फसोस की बात है कि कब्र वालों और पीरों पर यक़ीन कामिल और अल्लाह की कुदरत पर शक।
    अब बताइए, यहाँ आप क्या जवाब देंगे?
    क्या अब भी आपको शक है कि अल्लाह बिना वसीले के नहीं सुनता या बिना वसीले के कुछ कर नहीं सकता?
    👉 सोचिए, और अपना अकीदा दुरुस्त कीजिए।

    असल वसीला क्या है?

    अब आइए समझें कि वसीला का हक़ीकी मतलब क्या है?
    वसीला एक अरबी शब्द है, जिसका मतलब है "जरिया" या "रास्ता" — कोई ऐसा तरीका जिसके ज़रिए इंसान अल्लाह के करीब होने की कोशिश करता है।। कुरान में इसका इस्तेमाल अल्लाह के करीब होने के लिए किया गया है।
    कुरआन कहता है:

    ऐ ईमान वालों! अल्लाह से डरो और उसकी ओर पहुँचने का जरिया (वसीला) ढूंढो, और उसके रास्ते में जिहाद करो, ताकि तुम्हें सफलता मिले।" (सूरह माएदा 5:35)

    इस आयत में वसीला का असली मतलब है:
    👉 अल्लाह के करीब होने का जरिया।
    👉 यह जरिया किसी कब्र, वली या दरगाह का नहीं, बल्कि तक़वा, नेक अमल और अल्लाह का ज़िक्र है।

    इस आयत में अल्लाह ने मुसलमानों को तीन चीजों का हुक्म दिया है:

    तक़वा (अल्लाह से डरना)
    वसीला (अल्लाह के करीब पहुंचने का जरिया)
    अल्लाह के रास्ते में जिहाद करना
    तक़वा और जिहाद में कोई मतभेद नहीं है, लेकिन वसीले को लेकर लोगों में भ्रम है। कुछ लोग मानते हैं कि यहां वसीले का मतलब नबी, वली, शहीद या कब्र में दफ्न बुजुर्गों का वसीला है। जैसे कि अल्लाह तक पहुंचने का कोई जरिया ढूंढना। जबकि यह मतलब ना ही क़ुरआन, सुन्नत और ना बड़े इस्लामी विद्वानों से साबित है। प्रसिद्ध विद्वानों, जैसे मुजाहिद, अबू वाइल, और अता ने इसकी व्याख्या "अल्लाह के करीब होना" के रूप में की है। क़तादा कहते हैं कि अल्लाह का करीब होना उसकी आज्ञा मानने और पसंदीदा कर्मों से होता है (तफ्सीर-ए-तबरी, खंड 4, पृष्ठ 567, सूरह माएदा, आयत 33)।

    यह अच्छी तरह समझने वाली बात है कि कुरान की इस आयत में "वसीला" का मतलब किसी गुजर चुके नबी, वली या शहीद का जरिया नहीं है। क्योंकि कुरान और हदीस में इसका कोई प्रमाण नहीं मिलता।यानी सही दीन के अनुसार, वसीला का मतलब अच्छे कर्म और अल्लाह की आज्ञापालन से करीब होना है

    कुरान की इसी आयत का गलत अनुवाद और व्याख्या करके लोगों को गुमराह किया जाता है, जिससे शिर्क का रास्ता खुलता है।

     इस्लाम में जायज़ वसीले 

    वसीला लीजिए, वसीला तो दुआ की कबूलियत का ज़रिया है लेकिन वो जो कुरान और सही हदीस में बताए गए हैं। वसीले की उन सूरतों को समझते हैं जिन्हें इस्लाम ने जायज़ रखा है। कुरआन और सहीह हदीस से तीन किस्म के जायज़ वसीले साबित हैं: आइए विस्तार से समझें

    1️⃣ अल्लाह के नामों और उसकी सिफ़ात का वसीला

    अल्लाह के नामों से दुआ करना सही माना गया है। कुरान में आता है:

    1. और अल्लाह ही के अच्छे नाम हैं, तो उसे उन्हीं से पुकारो।"📖 (सूरह अल-आराफ़: 180)

    2. ऐ नबी (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) उनसे कहो, अल्लाह कहकर पुकारो या रहमान कहकर, उसके लिए सभी नाम अच्छे हैं।" (सूरह अल-इसरा:110)

    अल्लाह के प्यारे नामों का वसीला देकर दुआ करना सहीह हदीस से भी प्रमाणित है। जैसे, हज़रत अबू बक्र (र.अ.) ने नबी (स.अ.व.) से दुआ पूछी, तो आपने यह दुआ सिखाई:

    3. ऐ अल्लाह! मैंने अपनी जान पर बहुत जुल्म किया, और तेरे अलावा कोई माफ़ करने वाला नहीं है, तो तू अपनी रहमत से मुझे माफ़ कर दे और मुझ पर रहम कर, बेशक तू ही माफ़ करने वाला और रहम करने वाला है।" (सहीह बुखारी: 834)

    2️⃣ अपने नेक कामों का वसीला

    इसका उदाहरण सहीह बुखारी की इस हदीस में मिलता है, जिसमें तीन लोग गुफा में फंस गए थे। उन्होंने अपने अच्छे कामों का वसीला देकर अल्लाह से दुआ की। जैसे-जैसे वे दुआ करते गए, पत्थर हटता गया और अंत में गुफा पूरी तरह खुल गई। 📖 (सहीह बुखारी: 2215)

    इस हदीस में तो किसी भी नबी, बुज़ुर्ग या पीर और वाली के वसीले का जिक्र ही नहीं है तो फिर अल्लाह ने कैसे उनकी दुआ कबूल करली। 

    3️⃣ नेक और ज़िंदा इंसान से दुआ करवाना

    सहाबा नबी ﷺ की ज़िंदगी में उनसे दुआ करवाते थे। नबी ﷺ के इंतेकाल के बाद, हज़रत उमर (र.अ.) ने हज़रत अब्बास (र.अ.) से बारिश के लिए दुआ करवाई।कभी भी नबी (स.अ.व.) की कब्र ए मुबारक पर नहीं गए।📖 (सहीह बुखारी: 1010)

    महत्वपूर्ण बात:

    ➡️ इससे साफ सिद्ध होता है कि मरने के बाद किसी का वसीला लेना शरीअत में साबित नहीं है।  नबी (स.अ.व.) के इंतेकाल के बाद सहाबा ने कभी उन्हें वसीला नहीं बनाया। वे ज़िंदा और नेक इंसान से ही दुआ करवाते थे। इसलिए, किसी मृत व्यक्ति का वसीला लेना शरीअत में सही नहीं है और इसे हराम और नाजायज़ माना गया है।

    अल्लाह से मोहब्बत करो, वही कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।"अल्लाह से मिलने को जो पसन्द करता है, अल्लाह भी उससे मिलने को पसन्द करता है।"

    वसीले का सही तरीका

    ज़िंदा बुजुर्गों से दुआ करवाना, जो शरियत के पाबंद हों, सही है, ना कि उन लोगों से जिनकी दुआ की दुकानें सजी हुई हैं और जो शिर्क और बिद'अत (गलत धार्मिक काम) के दाई हों। और दूसरों से दुआ करवाना तब ही फायदेमंद है जब आप खुद भी दुआ करें। जो बुजुर्ग गुजर चुके हैं, वे खुद हमारी दुआ के मोहताज होते हैं और हमें उनके लिए दुआ करनी चाहिए। खुद दुआ करें और ज़िंदा नेक बुजुर्गों से दुआ करवाएं, यही सही तरीका है। यह तरीका सहाबा में भी था।

    अब सोचें! नबी ﷺ की क़ब्र मदीने में मौजूद थी। अगर क़ब्र पर जाकर नबी ﷺ के वसीले से दुआ मांगने का यकीन सहाबा में होता, तो वे ज़रूर नबी ﷺ की क़ब्र पर जाते। हज़रत उमर (रजि.) ने नबी के वसीले से दुआ नहीं की क्योंकि नबी ﷺ उनके बीच मौजूद नहीं थे। उन्होंने नबी ﷺ को मदद के लिए नहीं पुकारा, बल्कि हज़रत अब्बास और सहाबा ने नमाज़ पढ़ी और दुआ की। हज़रत उमर ने न नबी ﷺ को पुकारा, न उनके वसीले का सहारा लिया और न ही इस मकसद से उनकी क़ब्र पर गए।

    तो यह क़ब्र परस्ती और मरहूम बुजुर्गों के वसीले का यकीन आज के मुसलमानों ने कहां से अपना लिया? अगर गुजर चुके लोगों से वसीला लेना जायज़ होता, तो बताएं, नबी करीम (सल्ल.) से ज़्यादा अफज़ल कौन है, जिसका वसीला मरने के बाद दुआ में लिया जाए?

    अल्लाह ही सबको देने वाला है

    हदीस कुद्सी में अल्लाह का फरमान है:

    ऐ मेरे बंदों! तुम सब गुमराह हो, सिवाय उसके जिसे मैं हिदायत दूं, तो मुझसे हिदायत मांगो, मैं तुम्हें हिदायत दूंगा। ऐ मेरे बंदों! तुम सब भूखे हो, सिवाय उसके जिसे मैं खिलाऊं, तो मुझसे खाना मांगो, मैं तुम्हें खिलाऊंगा। ऐ मेरे बंदों! तुम सब नंगे हो, सिवाय उसके जिसे मैं पहनाऊं, तो मुझसे कपड़े मांगो, मैं तुम्हें पहनाऊंगा...” (सहीह मुस्लिम:2577)

    यहां तो अल्लाह खुद बोल रहा है कि मुझसे तुम हिदायत, खाना और कपड़ा मांगो मैं तुम्हे दूंगा,कहीं भी और किसी भी वसीले का यहां नाम ओ निशान नहीं है। 
    और अल्लाह एक जगह और फरमाता है कि:

    और तुम्हारा परवरदिगार कहता है कि मुझसे दुआ मांगो, मैं तुम्हारी दुआओं को क़बूल करूंगा। (सूरत अल-मोमिन: 60)

    इस आयत में भी किसी वसीले का ज़िक्र नहीं, अल्लाह खुद दुआ कबूल करने की बात कर रहा है। 

     इस तरह दुआ मत मांगो कि तुमने किसी मजार (कब्र) से भी उम्मीदें बांध रखी हों और औपचारिक रूप से अल्लाह से भी दुआ कर रहे हो। यकीन मानो, अल्लाह को अपने बंदों से बहुत मोहब्बत है जो खुद उनकी दुआ कबूल करने के लिए हर वक़्त तैयार है। बंदों को भी चाहिए कि वे अल्लाह और उसके रसूल (सल्ल.) की इताअत (आज्ञा) करें ताकि वे फ़लाह (सफलता) पाएं।


    अज़ान के बाद वसीला – गलत मतलब

    अज़ान के बाद एक दुआ पढ़ी जाती है उसमे लफ्ज़ " वसीला " का जिक्र आता है यहां भी बुजुर्ग परस्तों ने आवाम को गुमराह किया हुआ है। जिसका सही अर्थ गलत बताकर कुछ लोग जनता को गुमराही और शिर्क की ओर धकेल रहे हैं। वे लोगों को अल्लाह के दर से हटाकर पीरों और बुजुर्गों के पास भेज रहे हैं और शिर्क में शामिल कर रहे हैं। आइए देखें कैसे ?
    अब्दुल्लाह बिन उमर और इब्न अल-आस से रिवायत है कि:

     रसूलुल्लाह ﷺ ने फरमाया, जब तुम अज़ान देने वाले को अज़ान देते सुनो, तो वही शब्द कहो जो वह कह रहा हो। फिर मुझ पर दरूद भेजो, क्योंकि जो मुझ पर एक बार दरूद भेजता है, अल्लाह तआला उस पर दस रहमतें नाज़िल करता है। फिर अल्लाह से मेरे लिए 'वसीला' मांगो, क्योंकि यह वसीला जन्नत का वह स्थान है जो अल्लाह के बंदों में से सिर्फ़ एक बंदे के लिए लायक है, और मुझे उम्मीद है कि वह बंदा मैं हूँ।'(सहीह मुस्लिम :384)

    हदीस का सार:

    • अज़ान सुनने पर वही शब्द दोहराना उचित है।
    • फिर नबी ﷺ पर दरूद (सलात व सलाम) भेजना चाहिए।
    • इसके परिणामस्वरूप अल्लाह दस रहमतें (बरकतें) नाज़िल करता है।
    • फिर अल्लाह से "वसीला" की दुआ करनी चाहिए—वसीला जन्नत का वह विशेष मुकाम है जो सिर्फ़ एक बंदे को अल्लाह की देन होगा, और नबी ﷺ को उम्मीद है कि वह वही बंदा होंगे।
    और बुख़ारी की रिवायत में जाबिर बिन अब्दुल्लाह से रिवायत है कि नबी ﷺ ने फरमाया, 

    "जो शख़्स अज़ान सुनकर यह दुआ करे:
    اللّهُمَّ رَبَّ هذِهِ الدَّعْوَةِ التَّامَّةِ وَالصَّلاةِ الْقَائِمَةِ، آتِ محمداً الْوَسِيلَةَ وَالْفَضِيلَةَ، وَابْعَثْهُ مَقَامًا مَحْمُودًا الَّذِي وَعَدْتَهُ
    (ऐ अल्लाह! इस मुकम्मल पुकार और कायम रहने वाली नमाज़ के रब! मुहम्मद ﷺ को 'वसीला' और 'फ़ज़ीलत' अता फ़रमा, और उन्हें उस 'मक़ामे महमूद' पर भेज, जिसका तूने उनसे वादा किया है),
    तो उसके लिए मेरी शफ़ाअत वाजिब हो गई।"

    इससे पता चला कि 'वसीला' से मुराद जन्नत में एक ऊँचा मकाम और अल्लाह का क़रीब होना है, न कि किसी व्यक्ति को अल्लाह के सामने 'वसीला' बनाना। यह हदीस लगभग हर किताब में 'बाब अल-अज़ान' के तहत पाई जाती है।

    जिन लोगों ने 'वसीला' के नाम पर बुजुर्गों की मदद और नबियों और औलियाओं से मदद मांगना जायज़ ठहराया है, उन्होंने क़ुरआन के 'वसीला' (जिसका अर्थ है क़रीब होना) को उर्दू के 'वसीला' (जिसका अर्थ है ज़रिया) के बराबर मान लिया है। हालांकि, क़ुरआन और हदीस से यह साबित है कि 'वसीला' का मतलब क़रीब होना और जन्नत में एक ऊँचा स्थान है।

    सोचने वाली बात यह है:  नबी करीम ﷺ ने खुद बताया है कि 'वसीला' जन्नत में एक ऊँचा मकाम है जो उन्हें दिया जाएगा। तो फिर ये लोग कैसे मान लेते हैं कि 'वसीला' का मतलब पीर, बुजुर्ग, या नबी हैं? अल्लाह का थोड़ा सा खौफ़ करो। आप अल्लाह को क्या जवाब दोगे, जब आपकी वजह से लोग गुमराही और शिर्क की ओर जा रहे हैं


    वसीला और झूठी मिसालें – एक हकीकत

    गुमराह करने वालों की सोच और इल्मी ज़हानत देखें कि ये किस क़दर गुमराही में है कि यह लोग अल्लाह तआला के लिए जज, वकील, डीसी या प्रधानमंत्री जैसी मिसालें भी देते हैं। कहते हैं कि जैसे जज तक पहुंचने के लिए वकील चाहिए, अफसर तक पहुंचने के लिए क्लर्क चाहिए और छत पर चढ़ने के लिए सीढ़ी चाहिए — वैसे ही अल्लाह तक पहुंचने के लिए भी किसी नेक बंदे का "वसीला" ज़रूरी है।

    यह बात मेरी समझ से बाहर है कि लोग अपने अक़ीदे (धार्मिक विश्वास) को साबित करने के लिए इतनी बेबुनियाद दलीलें कहाँ से ले आते हैं, कि अल्लाह तक पहुँचने के लिए इंसानों की तरह वसीला चाहिए! (अल्लाह की पनाह)।
    असल में यह सोच जाहिलियत और गुमराही है।

    इन धर्म बेचने वाले मौलवियों के पास बस कुछ न कुछ बेचना होता है, यही उनकी दलील होती है। अगर उन्हें धर्म का ज्ञान होता या उन्होंने कुरआन पढ़ा होता, तो वे जाहिलों की तरह न बात करते और न ऐसी मिसालें देते। क्योंकि कुरआन में अल्लाह का साफ हुक्म है, अल्लाह तआला ने साफ फरमा दिया है:

    लोगो! अल्लाह के लिए मिसालें मत दिया करो, क्योंकि अल्लाह जानता है और तुम नहीं जानते।”(सूरह नहल: 74)

    और फिर फरमाया:

    उसके जैसा कोई नहीं, और वही सब कुछ सुनने और देखने वाला है।”(सूरह शूरा: 11)

    यानी अल्लाह के लिए मिसालें देना ही ग़लत है, क्योंकि वह अपनी ज़ात और सिफ़ात में अकेला है।

    हकीकत यह है

    जज, वकील, या डीसी को हमारा हाल नहीं मालूम होता, और न ही वे जानते हैं कि हम उनके दरवाजे पर खड़े हैं या नहीं, इसलिए उन्हें वसीले की जरूरत पड़ती है।

    लेकिन अल्लाह तआला सब कुछ जानता है, हमारे दिलों के हाल से भी वाकिफ है। तो उसके दरबार में किसी वसीले या बिचौलिए की ज़रूरत ही नहीं।

    अल्लाह का दर मत छोड़िए। उसकी चौखट को इस तरह थाम लीजिए कि आपको उसका बंदा होने का यकीन हो जाए। नबी-ए-अकरम ﷺ ने फरमाया,

    “इस यकीन के साथ अल्लाह से दुआ मांगो कि वह जरूर कबूल होगी। जान लो कि अल्लाह गाफिल दिल और खेल-तमाशे में लगे इंसान की दुआ को कबूल नहीं करता।”(जामेअ तिरमिज़ी)

    नतीजा

    • अल्लाह के लिए मिसालें देना जाहिलियत है।
    • अल्लाह तक पहुंचने के लिए कोई वसीला या बिचौलिया नहीं चाहिए।
    • उसकी चौखट सीधे पकड़ो, क्योंकि वही सुनने वाला, जानने वाला और कबूल करने वाला है।
    अब जिस चीज़ से अल्लाह ने मना कर दिया, हम उसे कैसे जायज़ समझ सकते हैं? वैसे भी ये मिसालें अल्लाह के लायक नहीं हैं, क्योंकि खुद अल्लाह ने फरमाया:

    आसमानों और ज़मीन का पैदा करने वाला वही है। उसने तुम्हारे लिए तुम्हारी ही जात से जोड़े बनाए, और जानवरों के भी जोड़े बनाए, और इसी तरीके से तुम्हें फैलाता है। उसके जैसा कोई नहीं, और वह सब कुछ सुनने और देखने वाला है।" (सूरह शूरा: 11

    जब अल्लाह के जैसा कोई है ही नहीं, तो हम कैसे अल्लाह के लिए मिसालें दे सकते हैं?


     दुनियावी मिसाल का कुरआन से रद्द/खंडन:

    छत पर चढ़ने के लिए सीढ़ी इसलिए जरूरी है क्योंकि छत ऊपर है और मैं यहाँ हूँ। मुझे यहाँ से वहाँ जाना है, और बिना सीढ़ी के नहीं जा सकता क्योंकि छत दूर है।

    लेकिन जिस अल्लाह की तुमने छत से मिसाल दी है, वह अल्लाह कहता है कि "मैं तो तुम्हारी गर्दन की नस से भी ज्यादा करीब हूँ" (सूरत क़: 16)

    डीसी से मिलने के लिए क्लर्क की जरूरत इसलिए पड़ती है क्योंकि डीसी को दरख़्वास्त देने वालों के हालात मालूम नहीं होते।

    लेकिन जिस अल्लाह की तुम डीसी से मिसाल दे रहे हो, वह कहता है कि "हमने इंसान को पैदा किया और उसके दिल में उठने वाले ख्यालात को भी जानते हैं, और हम उसकी गर्दन की नस से भी ज्यादा करीब हैं।"

    डीसी थक जाता है, डीसी सो जाता है, और छत भी एक अस्थाई चीज़ है, कमजोर है। जबकि अल्लाह ने आयतुल-कुर्सी में फरमाया:

    अल्लाह को न ऊँघ आती है, न नींद। अल्लाह को जाहिर और बातिन सब कुछ मालूम है। अल्लाह कभी थकता नहीं।" (सूरत अल-बक़रह: 255)

    अल्लाह के लिए मिसालें न दो वरना जब अल्लाह की पकड़ होगी तो बचना मुमकिन नहीं। 

     🤲अल्लाह हम सबको जिद से बचाए और सही हिदायत के रास्ते पर चलने की तौफीक़ दे। आमीन, या रब्बुल-आलमीन!


    🕋अल्लाह से दुआएँ सीधे उसके दरबार तक पहुँच सकती हैं,

    यह सवाल नबी-ए-अकरम ﷺ के सामने भी लाया गया था। लोगों ने पूछा कि क्या हमारी बातें सीधे अल्लाह तक पहुँच सकती हैं और बिना वसीले के हमारी दुआ सुनी जा सकती है? तब अल्लाह ने कुरआन में इसका जवाब दिया। जो लोग कहते हैं कि अल्लाह तक पहुँचने के लिए वसीला ज़रूरी है, उन्हें इस आयत पर गौर करना चाहिए और अपना अक़ीदा सही करना चाहिए।

    अल्लाह ने फरमाया: "ऐ नबी! जब मेरे बंदे तुमसे मेरे बारे में पूछें, तो उन्हें बता दो कि मैं उनके बहुत करीब हूँ। जब कोई मुझे पुकारता है, तो मैं उसकी पुकार को स्वीकार करता हूँ। इसलिए उन्हें चाहिए कि वे मेरा हुक्म मानें और मुझ पर ईमान लाएँ, ताकि वे सही रास्ते पर आ सकें।" (सूरत अल-बक़रह: 186), एक और आयत में अल्लाह फरमाता है: "मुझे पुकारो, मैं तुम्हारी दुआ कबूल करूँगा।" (सूरत अल-मोमिन: 60)

    ध्यान दें: क्या अब भी आप यही कहेंगे कि अल्लाह हमारी direct नहीं सुनता। क्यूँ अल्लाह पर झूठ बाँधते हैं कि वह उनकी नहीं सुनता। यह एक ऐसा गुनाह है जो अल्लाह को नाराज़ करता है। अल्लाह सुनने वाला और जानने वाला है, लेकिन पुकारने वाला तो हो। इस आयत में कहीं भी वसीले का जिक्र नहीं है। अल्लाह खुद सीधे अपने बंदे की दुआ और पुकार सुनने के लिए तैयार है।

    🤲कौन है जो मुझसे माँगे और मैं उसे दूँ?

    रसूल-ए-अकरम ﷺ ने फरमाया:

    जब रात का आखिरी तीसरा हिस्सा बाकी रह जाता है, तो हमारा रब, जो सब से बड़ा और महान है, आसमान-ए-दुनिया पर आता है और कहता है: कौन है जो मुझसे दुआ करे, और मैं उसकी दुआ कबूल करूँ? कौन है जो मुझसे कुछ माँगे, और मैं उसे दूँ? कौन है जो मुझसे माफी माँगे, और मैं उसे माफ कर दूँ?" (सहीह अल-बुखारी)

    Note: क्या अब भी हम वसीले और सहारों की तलाश में भटकते रहेंगे, जबकि खुद अल्लाह आसमान-ए-दुनिया पर आकर हमारी दुआ, पुकार सुनने के लिए तैयार है? यहाँ तो कहीं भी किसी वसीले का जिक्र नहीं है कि इसका वसीला लो तो अल्लाह दुआ कबूल करेगा। 


      कब्र वालों को पुकारना, वसीला लेना मदद नहीं, जाहिलियत है।अल्लाह ने इसे मुशरिकों का अक़ीदा बताया है।

    🕋अल्लाह तक पहुँचने का असली रास्ता

    क़ुरआन साफ़ बताता है कि जन्नत में दाखिल होने का असली रास्ता सिर्फ़ दो चीज़ें हैं:

    1️⃣ ईमान
    2️⃣ अच्छे काम

    यही वह असली वसीला है जिसे अल्लाह ने अपनाने का हुक्म दिया है। कहीं भी यह नहीं कहा गया कि नबियों, वलियों या कब्रों में दफ्न बुज़ुर्गों का वसीला लो।

    कुरआन में बार-बार यही दो बातें आई हैं:

    “जो ईमान लाए और अच्छे काम किए, वही जन्नत के हक़दार हैं।”
    (सूरह बक़रह: 82)

    “जो ईमान लाए और अच्छे काम किए और अपने रब के हो गए, वे जन्नत में रहेंगे।”
    (सूरह हूद: 23)

    “जो ईमान लाए और अच्छे काम किए, उनके लिए फिरदौस के बाग़ हैं।”
    (सूरह कहफ: 107)

    “जो ईमान लाए और अच्छे काम किए, उनके लिए माफी और इज्ज़त की रोज़ी है।”
    (सूरह हज: 50)

    “जो ईमान लाए और अच्छे काम किए, उनके लिए नेमतों से भरी जन्नतें हैं।”
    (सूरह लुक़मान: 8)

    👉 इससे साफ़ मालूम होता है कि अल्लाह तक पहुँचने का असली रास्ता ईमान और नेक अमल हैं, न कि मनगढंत वसीले।



    🌿 सबसे बड़ा वसीला


    अल्लाह तक पहुँचने का असली वसीला ईमान, नेक अमल और दुआ है। अगर हम अल्लाह के आज्ञाकारी बन्दा बनें, उसके हुक्म मानें और उससे मोहब्बत करें, तो वह हमें कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।
    🔹 नबी ﷺ ने फ़रमाया:
    “जो अल्लाह से दुआ नहीं करता, अल्लाह उससे नाराज़ हो जाता है।”(तिर्मिज़ी)
    क़ुरान की एक आयत में अल्लाह ने अपने बंदों से सवाल किया है। इरशाद फरमाता है:
    🔹क्या अल्लाह अपने बंदे के लिए काफी नहीं?”(सूरा ज़ुमर: 36)
    अल्लाह के इस सवाल का क्या जवाब है? यह सवाल उन लोगों की अकल को झिंझोड़ता है जो अल्लाह को छोड़कर इधर-उधर भटकते हैं। है किसी के पास इसका जवाब?
    और फ़रमाया:
    “हम इंसान की गर्दन की नस से भी ज्यादा क़रीब हैं।”(सूरा क़: 16)
    लोगों! अल्लाह से बात करना सीखो। वह ताकतवर है, मजबूर नहीं। वह तुम्हारी गर्दन की नस से भी ज़्यादा क़रीब है, दूर नहीं। उसका इल्म पूरा है, अधूरा नहीं। उसे न कमज़ोरी है, न मौत। वह हमेशा ज़िंदा है। उसके सिवा कोई इबादत के क़ाबिल नहीं है। बस उसी को खालिस करके पुकारो और उसी की इबादत करो। सारी तारीफें उसी अल्लाह के लिए हैं, जो सारे जहान का परवरदिगार है। (सूरा मोमिन: 65)

    रसूल अल्लाह ﷺ ने फ़रमाया:

    जो शख़्स अल्लाह से मिलने को पसन्द करता है अल्लाह भी उससे मिलने को पसन्द करता है, और जो शख़्स अल्लाह से मिलने को नापसन्द करता है अल्लाह भी उससे मिलने को नापसन्द करता है।( सहीह बुख़ारी हदीस न. 6508 )


    बुतों से तुझको उम्मीदें, ख़ुदा से नाउमीदी,
    मुझे बता तो सही और काफ़िरी क्या है

    👉 जब अल्लाह इतना क़रीब है, तो किसी और वसीले की ज़रूरत ही नहीं। बस उसी को पुकारो, उसी से मोहब्बत करो और उसी की इबादत करो।


    🤲दुआ

    “ऐ अल्लाह! हमें तौहीद पर क़ायम रख, अपने सिवा किसी और के दर पर झुकने से बचा, और हमें उन्हीं बंदों में शामिल कर जो तुझी को पुकारते हैं और जिनकी दुआ तू कबूल करता है। आमीन।”


    सिर्फ़ अल्लाह से मदद

    ❄︎ नबी ﷺ हमारे लिए बेहतरीन नमूना हैं। (सूरह अहज़ाब: 21)
    ग़ज़वा-ए-बद्र में जब मुसलमान सिर्फ़ 313 थे और दुश्मन एक हज़ार, तो नबी ﷺ ने सीधे अल्लाह से दुआ की। अल्लाह ने फरिश्तों को भेजकर मदद फरमाई।
    इस हदीस में नबी-ए-करीम ﷺ ने बिना किसी वसीले के सीधे अल्लाह से मदद माँगी। तो फिर आप क्यों दुःख और परेशानी के समय किसी का वसीला लेते हैं? सीधे अल्लाह से मदद क्यों नहीं माँगते?

    नबी ﷺ ने फरमाया:
    अपनी सारी ज़रूरतें अल्लाह से माँगो, यहाँ तक कि जूते का फीता भी टूट जाए तो वहीँ से माँगो।”(तिर्मिज़ी, मिश्कात: 2251)
    ज़रा गौर करें: जूते का फीता टूटने पर भी अल्लाह से ही सवाल करने और माँगने की बात कही गई है। यहाँ कहीं भी वसीले का ज़िक्र नहीं है। तो फिर आप कहाँ भटक रहे हैं?

    जब रसूल ﷺ और तमाम सहाबा ने सीधे अल्लाह से माँगा, तो हम क्यों दूसरों के दरवाज़े जाते हैं? हमारी हर ज़रूरत का मालिक सिर्फ़ वही अल्लाह है।

    कब्रों, दरगाहों और पीरों के वसीले का अक़ीदा कुरआन और हदीस से साबित नहीं है।असल वसीला वही है जिसे अल्लाह ने बताया है: ईमान, नेक अमल, और सीधे अल्लाह से दुआ अल्लाह को छोड़कर किसी और को पुकारना शिर्क है। नबी ﷺ के सहाबा ने भी मरहूमों के वसीले का सहारा कभी नहीं लिया। असली वसीला है 

     वसीला पकड़ने वालों की नासमझी

    कुछ लोग अल्लाह तक पहुँचने के लिए वसीला ज़रूरी समझते हैं और "या ग़ौस" या कब्र वालों को पुकारते हैं। लेकिन क्या उन्होंने कभी सोचा कि जो लोग कब्रों में दफ़्न हैं या हमसे बहुत दूर हैं, वे हमारी पुकार कैसे सुन सकते हैं? भला ये कैसे मुमकिन है कि अल्लाह वसीला से सुने और बुज़ुर्ग या कब्र वाले बग़ैर वसीला के। यह जाहिलियत नहीं तो क्या है? जबकि अल्लाह खुद फरमा रहा है कि

    जब मेरे बंदे मेरे बारे में पूछें तो कह दो कि मैं बहुत क़रीब हूँ। मैं पुकारने वाले की पुकार को कबूल करता हूँ।”(सूरह बक़रह: 186)

    🔹 क़ुरआन कहता है ग़ैर-अल्लाह के बारे में:
    • वे पुकार का जवाब नहीं देते।”
    • “अगर सुन भी लें तो मदद नहीं कर सकते।”
    • “क़ियामत तक उनकी दुआ क़बूल नहीं होगी।”
    👉 नबियों की ज़िंदगी से भी यही सबक मिलता है कि हर मुश्किल में उन्होंने सीधा अल्लाह को पुकारा, किसी और को नहीं।


    🕊️ (Conclusion)

    आख़िरकार यह समझना बहुत ज़रूरी है कि अल्लाह हर बात सुनने वाला है। उसकी रहमत और क़ुदरत इतनी क़रीब है कि वह अपने बंदों की दुआ को सीधे सुनता और क़ुबूल करता है। नबियों, सहाबा और सालेहीन की ज़िंदगी हमें यही सबक देती है कि उन्होंने हर मुश्किल और परेशानी में सिर्फ़ अल्लाह को पुकारा। और हर मुमकिन कोशिश किए कि Waseela ke Naam Par Shirk न हो। 

    इसलिए हमें भी चाहिए कि दीन को उसी तरह अपनाएँ जैसा क़ुरआन और हदीस ने सिखाया है। अल्लाह तक पहुँचने का असली वसीला हमारे ईमान, नेक आमाल और सच्ची दुआएँ हैं। जो लोग कब्रों या गैर-अल्लाह को पुकारते हैं, वे न सिर्फ़ गुमराही में हैं बल्कि अल्लाह की सीधी राह से दूर हो जाते हैं।

    ✅ आइए, हम अपने दिल और दुआओं को सिर्फ़ अल्लाह के लिए खालिस करें और उसी से मदद माँगकर अपनी आख़िरत सँवारें। और कोशिश करें कि Waseela ke Naam Par Shirk से बचे रहें। 

    अल्लाह की चौखट छोड़कर दूसरों की चौखट पकड़ना शिर्क है और यह इंसान को जहन्नम की तरफ ले जाता है।

    आखिरी दुआ

    🤲ऐ अल्लाह! हमें तौहीद पर क़ायम रख, शिर्क और गुमराही से बचा, और हमें नेक व सहीह अमल करने वालों में शामिल कर।

    🤲अल्लाह हमें तौहीद (अल्लाह की एकता) पर जिंदा रखे, तौहीद पर मौत दे और क़यामत के दिन मोमिनों के साथ उठाए।
    आमीन या रब्बुल आलमीन 🤲
    👍🏽 ✍🏻 📩 📤 🔔
    Like | Comment | Save | Share | Subscribe
    Author
    इस्लामी ब्लॉगर — सही दीन और इल्म को आम करने की कोशिश।


     अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

    1️⃣ वसीला लेने का सही मतलब क्या है?

    👉 वसीला का सही मतलब है — अल्लाह के करीब होने का जरिया। यह जरिया है ईमान, नेक अमल और अल्लाह का ज़िक्र।


    2️⃣ क्या कब्रों और दरगाहों पर जाकर दुआ माँगना वसीला है?

     नहीं। यह कुरआन और हदीस से साबित नहीं है।बल्कि अल्लाह ने इसे मुशरिकों का काम बताया है।


    3️⃣ क्या नबी ﷺ का वसीला लिया जा सकता है?

    👉 नबी ﷺ की ज़िंदगी में सहाबा उनसे दुआ करवाते थे। लेकिन आपके इंतेकाल के बाद सहाबा ने कभी आपकी कब्र को वसीला नहीं बनाया। बल्कि हज़रत उमर (र.अ.) ने हज़रत अब्बास (र.अ.) से दुआ करवाई।


    4️⃣ कुरआन में "वसीला तलाश करो" (सूरह माएदा: 35) का मतलब क्या है?

    👉 इसका मतलब है: अल्लाह तक पहुँचने का जरिया तलाश करो। और वो जरिया है: तक़वा, जिहाद, नेक अमल और सीधे अल्लाह से दुआ।


    5️⃣ हदीस में "वसीला" का ज़िक्र अज़ान के बाद आता है, उसका मतलब क्या है?

    👉 उसका मतलब है जन्नत का एक ऊँचा मकाम, जो सिर्फ नबी ﷺ को मिलेगा। यह किसी दरगाह या कब्र का वसीला नहीं है।


    6️⃣ क्या किसी बुजुर्ग या पीर के नाम से दुआ करना जायज़ है?

      नहीं। हदीस में है: "जूते का फीता भी टूट जाए तो अल्लाह से ही माँगो।"
    📖 (तिर्मिज़ी)


    7️⃣ सही वसीले कौन से हैं?

     अल्लाह के नाम और सिफ़ात का वसीला।
     अपने नेक कामों का वसीला।
     नेक और ज़िंदा इंसान से दुआ करवाना।


    8️⃣ गलत वसीले कौन से हैं?

     कब्र, दरगाह, बुजुर्ग और मरे हुए लोगों का वसीला।
     अल्लाह के सिवा किसी और से मदद माँगना।


    9️⃣ अगर कोई कहे "हम तो सिर्फ अल्लाह तक पहुँचने के लिए वसीला बना रहे हैं"?

    👉 यही बात कुरआन में मुशरिकों ने कही थी:
    "हम इनकी पूजा सिर्फ इसलिए करते हैं ताकि ये हमें अल्लाह तक पहुँचा दें।"
    📖 (सूरह अज़-ज़ुमर: 3)


    🔟 अल्लाह तक पहुँचने का असली रास्ता क्या है?

    👉 दो चीज़ें:

    1. ईमान

    2. नेक अमल

    📖 (सूरह हूद: 23, सूरह लुक़मान: 8)


    Post a Comment

    0 Comments